धनतेरस के शुभ अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक द्वारा स्वच्छता अभियान को बढ़ावा देने हेतु कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत दो वाहन भेंट किये गये।
धनतेरस के पावन एवं शुभ अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक द्वारा हरिद्वार शहर में स्वच्छता अभियान को प्रोत्साहित करने तथा स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई।
इस अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक की ओर से गंगा सभा एवं शांतिकुंज गायत्री परिवार को स्वच्छता कार्यों में सहयोग प्रदान करने हेतु दो वाहन भेंट किए गए। उक्त वाहनों को पंजाब नेशनल बैंक के अंचल प्रमुख श्री अनुपम जी के करकमलों द्वारा संबंधित संस्थाओं को समर्पित किया गया।
इस कार्यक्रम में अंचल प्रमुख अनुपम, उप अंचल प्रमुखअभिजित सिन्हा, हरिद्वार मंडल प्रमुख रंजन प्रकाश, उप मंडल प्रमुख अविनाश,सहायक महाप्रबंधक अंकुर, एलडीएम हरिद्वार दिनेश गुप्ता, मुख्य प्रबंधक अतुल मोहन गुप्ता, मुख्य प्रबंधक गोपाल, एवं शांतिकुंज शाखा प्रबंधक श्रीमती आरती वर्मा सहित पंजाब नेशनल बैंक की विभिन्न शाखाओं के शाखा प्रबंधक एवं अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
वहीं गंगा सभा की ओर से अध्यक्ष नितिन गौतम, एवं स्वागत मंत्री सिद्धार्थ चक्रपाणि, ने कार्यक्रम में सहभागिता की। शांतिकुंज गायत्री परिवार की ओर से ट्रस्टी श्रीमती शेफाली पांडया जी, व्यवस्थापक योगेंद्र गिरि एवं जगदीश लाल,उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बैंक के अधिकारियों ने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक केवल बैंकिंग सेवाओं तक सीमित न रहकर सामाजिक दायित्वों के निर्वहन, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता जैसे जनहितकारी कार्यों में भी निरंतर योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है। दोनों वाहनों के माध्यम से स्वच्छता अभियान को और अधिक गति मिलेगी तथा हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने पंजाब नेशनल बैंक की इस सामाजिक एवं जनकल्याणकारी पहल की सराहना की।
धनतेरस के शुभ अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक द्वारा स्वच्छता अभियान को बढ़ावा देने हेतु कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत दो वाहन भेंट किये गये।
