रुड़की ब्लॉक की बेलड़ा ग्राम पंचायत को एक मॉडल ग्राम पंचायत के रूप में विकसित किया जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र पंचायत राज अधिकारी मोहम्मद मुस्तफा खान अन्य अधिकारी रहे उपस्थित।
हरिद्वार। रुड़की में ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को इस अभियान से जोड़ा गया है। इन महिलाओं द्वारा ग्राम पंचायत में घर-घर जाकर कूड़ा संग्रहण का कार्य किया जा रहा है। इस सेवा के लिए प्रति घर मात्र तीस रुपये का शुल्क लिया जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी हरिद्वार ललित नारायण मिश्र ने आज ग्राम पंचायत बेलड़ा का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत राधे-राधे स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किए जा रहे घर-घर कूड़ा कलेक्शन की विधि को समझा। उन्होंने देखा कि किस प्रकार ग्राम प्रधान के नेतृत्व में नियमित रूप से कचरा संग्रहण किया जा रहा है, जिससे गांव में स्वच्छता की अलख जगी है। इस अभियान में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के उत्साह को देखते हुए, मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को प्रत्येक विकास खंड से 10-10 ग्राम प्रधानों की टीमें बनाकर बेलड़ा मॉडल का अध्ययन भ्रमण कराने का निर्देश दिया।
इसका उद्देश्य जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के नियमों का बेहतर अनुपालन सुनिश्चित करना है। निरीक्षण के दौरान, मुख्य विकास अधिकारी ने गांव के प्राथमिक विद्यालय में छात्र-छात्राओं को स्वच्छता की शपथ भी दिलवाई। महिलाओं की भागीदारी से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में यह पहल न केवल ग्रामीण स्वच्छता को बढ़ावा देगी, बल्कि ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। बेलड़ा ग्राम पंचायत का यह मॉडल अन्य ग्राम पंचायतों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगा।
स्वच्छता कंट्रोल रूम करेगा सहयोग और दिलवाएगा सुविधा
मुख्य विकास अधिकारी ने बेलड़ा की तर्ज पर अन्य ग्राम पंचायतों में इस तरह की कार्यप्रणाली लागू करने पर बल दिया है। उन्होंने स्वच्छता कंट्रोल रूम के प्रभारी नोडल स्वजल चंद्रकांत मणि त्रिपाठी को निर्देशित किया है कि वह ग्राम पंचायतों से मिलने वाली शिकायतों को सूचीबद्ध करेंगे। वहीं कंट्रोल रूम में आने वाले सुझाव या संसाधन आदि के लिए भेजी गई डिमांड को प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने बेलड़ा की तर्ज पर अन्य ग्राम पंचायतों को सक्रिय करने के लिए सभी खंड विकास अधिकारियों को ग्राम पंचायतों से प्रधानों का समूह बनाकर कार्यप्रणाली की परख कराने और इसी तर्ज पर कूड़ा प्रबंधन के निर्देश भी जारी किए हैं। स्वच्छता कंट्रोल रूम में 8273371714 नंबर पर कोई भी अपनी समस्या और सुझाव रख सकता है।
रुड़की ब्लॉक की बेलड़ा ग्राम पंचायत को एक मॉडल ग्राम पंचायत के रूप में विकसित किया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र पंचायत राज अधिकारी मोहम्मद मुस्तफा खान अन्य अधिकारी रहे उपस्थित।
