उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ जनपद में हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाई जाएगी।
ऋषिकुल ऑडिटोरियम में आयोजित होगा मुख्य समारोह, जनपदभर में होंगे विभिन्न सांस्कृतिक एवं अन्य कार्यक्रम।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में हुई बैठक
उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, विभिन्न विभागों के लाभार्थियों एवं प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को किया जाएगा सम्मानित
विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के लगाए जाएंगे स्टॉल, पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से किया जाएगा लाभान्वित
सभी शासकीय कार्यालयों, भवनों एवं प्रमुख चौराहों को आकर्षक एलईडी विद्युत लाइटों से किया जाएगा प्रकाशमान
उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर जनपद हरिद्वार में विभिन्न कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर ऋषिकुल ऑडिटोरियम में मुख्य समारोह आयोजित होगा, जबकि जनपद के सभी विकास खंडों में भी का कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों को भव्य, गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में खंड विकास अधिकारियों सहित कई अधिकारी वर्चुअल माध्यम से भी जुड़े रहे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ ललित नारायण मिश्र ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस प्रदेश की गौरवशाली विकास यात्रा, उपलब्धियों एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस अवसर पर जनपद में आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम की तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित होने वाले पात्र लाभार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए सभी विभाग अपने-अपने स्तर से उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं लाभार्थियों का चयन कर उनकी सूची निर्धारित समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
कार्यकर्मो के अंतर्गत शिक्षा विभाग द्वारा विकसित उत्तराखंड एवं विकसित भारत थीम पर विभिन्न प्रतियोगिताओं आयोजित करने के निर्देश दिए गए तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए है कि मुख्य समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा अपनी-अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों से संबंधित स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन को विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करेंगे कि योजनाओं के लिए पात्र व्यक्तियों को चिह्नित कर उन्हें आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कराते हुए योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टॉलों पर योजनाओं से संबंधित जानकारी, आवेदन प्रक्रिया एवं पात्रता की जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध रहे, ताकि आमजन को इसका अधिकतम लाभ मिल सके। इसके साथ ही जनपद में विभिन्न सांस्कृतिक एवं अन्य कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।उन्होंने नगर निगम,नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों को भी निर्देश दिए है कि सभी अपने अपने क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चला कर साफ सफाई करने के निर्देश दिए तथा मुख्य चौराहों को भी प्रकाशमान करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त संबंधित विभागों को मुख्य समारोह स्थल पर मंच एवं बैठक व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, आकर्षक प्रकाश सज्जा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के सभी शासकीय कार्यालयों एवं सरकारी भवनों तथा प्रमुख चौराहों को आकर्षक एलईडी विद्युत लाइटों से प्रकाशमान किया जाए।
उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियों का गंभीरता एवं समयबद्धता के साथ निर्वहन करें। कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रमों को भव्य, गरिमामय एवं सफल बनाने में अपना योगदान सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत,जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया,महाप्रबंधक उद्योग उत्तम कुमार तिवारी, जिला अर्थ संख्या आधिकारी नलिनी ध्यानी, मुख्य कृषि अधिकारी गोपाल भंडारी,मुख्य पशुचिकित्साधिकारी सतीश जोशी,मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह,जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह,मुख्य जिला क्रीड़ा अधिकारी रविन्द्र सिंह,जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद चन्द्र पांडे सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष तथा संबंधित विभागीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े रहे।
उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ जनपद में हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाई जाएगी। ऋषिकुल ऑडिटोरियम में आयोजित होगा मुख्य समारोह, जनपदभर में होंगे विभिन्न सांस्कृतिक एवं अन्य कार्यक्रम।
