केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में 4,750 करोड़ रुपये की 30 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास
केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि श्यामपुर फाटक आरओबी आदि का तीन महीने के अन्दर टेण्डर निकाल कर कार्य प्रारम्भ कर देंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में वर्ष 2016 में 2 हजार 517 किमी राष्ट्रीय मार्ग था जो वर्ष 2024 में बढ़कर 3608 किमी पहुंच गयी है। उन्होंने कहा कि हमने उत्तराखण्ड में 16 हजार करोड़ रूपये के रोपवे मंजूर किये हैं। उत्तराखण्ड में जो भी सड़कें बनेंगी, वे राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की होंगी। उन्होंने घोषणा कि त्यूनी-चकराता-मसूरी-टिहरी-मलेठा तीन हजार करोड़ की लागत से 315 किमी टू लेन 2024 तक बन जायेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपका काम सिर्फ सड़कें, ओवरब्रिज, अंडर पास बनाकर एक जगह को दूसरी जगह से जोड़ना नहीं है, बल्कि आपको अपने कार्यों से लोगों के दिलों को भी जोड़ना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरा मानना है कि निर्माण ऐसा होना चाहिए जो जनता के लिए,जनता द्वारा की भावना से प्रेरित हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि मैं, कहूँ कि एनएचएआई आज सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास हेतु एक मजबूत स्तंभ बन चुका है तो इसमें कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि आज ही 47 सौ करोड़ रुपए लागत की 28 परियोजनाओं का भूमि पूजन और 2 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद उत्तराखंड विकास पथ पर अग्रसर होने के साथ ही देवभूमि की तरह ही डेवलप भूमि कहलायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले हरिद्वार से देहरादून जाने में ढाई से तीन घण्टे का समय लगता था, परन्तु अब यही समय घटकर 45 से 50 मिनट हो गया है। राज्य में चारधाम ऑल वेदर सड़क परियोजना के एक बड़े हिस्से का निर्माण हमने पूरा कर लिया है जिससे हम श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बना पाए हैं। छोटा राज्य होने के बावजूद उत्तराखण्ड में आज 21 हाईवे और 69 स्टेट हाईवे हैं। प्रदेश में सड़कों की दशा में पहले से अद्भुत सुधार हुआ है, जहां एक ओर भारत माला परियोजना के तहत उत्तराखण्ड में 5 महत्वपूर्ण योजनाएं चल रही हैं, वहीं ऑल वेदर रोड प्रोजेक्ट से चारोंधाम बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री की यात्रा लगातार सुगम होती जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली देहरादून एलिवेटेड एक्सप्रेस का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है और इस एक्सप्रेस के बनने से देश की राजधानी से उत्तराखंड की राजधानी पहुंचने का समय भी महज ढाई घण्टे हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नितिन गडकरी के नेतृत्व में देश में 38 से 39 किलोमीटर सड़क का निर्माण प्रतिदिन होना यह दर्शाता है कि किस तरह देशभर में रोड कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है। यदि उत्तराखंड की बात करें तो हम प्रतिदिन 4.14 किमी सड़क का निर्माण कर रहे हैं।
सांसद हरिद्वार डाॅ0 रमेश पोखरियाल निशंक नगर विधायक मदन कौशिक,पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने सरकार की योजनाओं की दी जानकारी।
इस अवसर पर सांसद तीरथ सिंह रावत, राज्य सभा सांसद नरेश बंसल, श्रीमती कल्पना सैनी, कैबिनेट मंत्री प्रेम चन्द्र अग्रवाल,सुबोध उनियाल, रानीपुर विधायक आदेश चैहान, रूड़की विधायक प्रदीप बत्रा, अन्य विधायकगण, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह चैधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिद्वार संदीप गोयल, रूड़की शोभाराम प्रजापति, उपाध्यक्ष विकास तिवारी, सचिव लोक निर्माण पंकज पाण्डेय, जिलाधिकारी धीराज सिंह गब्र्याल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल, एनएचआई महाप्रबन्धक अमरेन्द्र कुमार आदि उपस्थित रहे।
केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में 4,750 करोड़ रुपये की 30 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास
