पथरी क्षेत्र के गांव चांदपुर स्थित बाण गंगा में खनन कर रहे दो पक्षों में जमकर मारपीट व पत्थराव हो गया। पत्थराव में कई लोगों को गंभीर चोटें आई है। सूचना पर पहुची पुलिस से पहले ही मारपीट करने वाले लोग मौके से भाग निकले। मामले में घायलों ने मेडिकल के बाद पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। गांव चांदपुर निवासी कुछ व्यक्ति रात को बाण गंगा में अवैध खनन कर सामग्री स्टोन क्रेशरों में पहुचा रहे थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान खनन कर रहे दो पक्षों में किसी बात को लेकर आपस मे कहा सुनी होने लगी। कहा सुनी इतनी बढ़ी की दोनों ओर से मारपीट व पत्थराव होने लगा। पत्थराव में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट की सूचना पर पहुची पुलिस से पहले ही दोनों पक्षों के लोग मौके से भाग निकले। बाद में घायलों का मेडिकल करने के बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
एसओ दीपक कठैत ने बताया दो पक्षों में हुई मारपीट के मामले में तहरीर आई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जायेगी।
