हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गेंडीखाता क्षेत्र के बसुचंदपुर में कृष्णा गौशाला में आयोजित गोपाष्टमी पर्व में शिरकत की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि गौरक्षण के क्षेत्र में उनकी सरकार और यह गौशाला गौ माता की रक्षा और पालन का कार्य निरंतर कर रही है। साथ ही यह गौशाला ग्रामीण क्षेत्र में आती है तो यहां सड़क निर्माण, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में विकास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर अपने भाषण में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के प्रति प्रेम दिखाया। उन्होंने नारायण दत्त तिवारी की तारीफ करते हुए कहा कि एनडी तिवारी ने उत्तराखंड ही नही सम्पूर्ण भारत वर्ष के लिए बहुत योगदान दिया है, उन्होंने उत्तराखंड के विकास की शुरुआत की थी, उसमें सिडकुल उनकी ही देन है। एनडी तिवारी ने उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है इसलिए भाजपा सरकार ने उत्तराखंड गौरव सम्मान दिया है लेकिन कांग्रेस के लोग उन्हें भूल गए हैं।
