जनपद में हो रही भारी वर्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने डाक कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं से गंगा घाटों पर सतर्कता बरतने की गयी अपील।
गंगा घाटों पर सुरक्षा बल एवं पुलिस जवानों सम्बंधित अधिकारियों को अलर्ट रहने व संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी के निर्देश।
जनपद में हो रहे भारी वर्षा के दृष्टिगत जल भराव क्षेत्रों में सम्बंधित अधिकारियों द्वारा त्वरित की जाए जल निकासी की कार्यवाही।
जनपद में भारी वर्षा के कारण किसी भी क्षेत्र में कोई भी घटना घटित होने पर तत्काल सूचना कंट्रोल रूम को उपलब्ध करायी जाए ताकि त्वरित राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
जनपद में हो रही भारी वर्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने डाक कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं से गंगा घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने यात्रियों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है।
जिलाधिकारी ने गंगा घाटों पर तैनात सुरक्षा बलों, पुलिस जवानों एवं संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ने अथवा तेज बहाव की स्थिति में कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। घाटों पर लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंगा घाटों और कांवड़ यात्रा मार्गों पर मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए। संवेदनशील एवं जोखिम वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए श्रद्धालुओं को ऐसे स्थानों पर जाने से रोका जाए। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने डाक कांवड़ यात्रियों से अपील की कि भारी बारिश के दौरान गंगा में स्नान करने और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी किए जा रहे सुरक्षा निर्देशों का पूरी तरह पालन करें और अपनी यात्रा के दौरान सावधानी बरतें।
जनपद में हो रही भारी वर्षा के दृष्टिगत जलभराव वाले क्षेत्रों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल जल निकासी की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जलभराव की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आमजन एवं कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में भारी वर्षा के कारण किसी भी क्षेत्र में कोई घटना घटित होने पर इसकी तत्काल सूचना कंट्रोल रूम को दी जाए, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों को बिना किसी देरी के शुरू किया जा सके। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन द्वारा कांवड़ यात्रा मार्गों, गंगा घाटों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतें और प्रशासन एवं पुलिस के निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करें।
जनपद में हो रही भारी वर्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने डाक कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं से गंगा घाटों पर सतर्कता बरतने की गयी अपील।
