तालाब की खुदाई की आड़ में किया जा रहा अवैध खनन
लक्सर तहसील के निहंदपुर गांव के निकट बाणगंगा में तालाब खुदाई की परमिशन के नाम पर कुछ लोग पोकलैंड जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से दिन-रात अवैध खनन करने में जुटे हुए हैं। खनन सामग्री से तालाब के किनारे पुश्ता बनाने के बजाय उसे स्टोन क्रेशरों में बेचकर चांदी काट रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारियों से मांग किए जाने के बावजूद बाणगंगा में अवैध खनन नहीं रुक पा रहा है।सुल्तानपुर क्षेत्र के निहंदपुर गांव के पास बाणगंगा में एक तालाब खुदाई की परमिशन मिली हुई है। इसकी आड़ में कुछ लोग जमकर अवैध खनन कर रहे हैं। निहंदपुर गांव के ग्रामीणों को कहना है कि बाणगंगा में तालाब बनाने की परमिशन के नाम पर कुछ लोग पोकलैंड, जेसीबी और करीब एक दर्जन से अधिक ट्रैक्टर-ट्रालियों से खनन सामग्री निकाल रहे हैं। साथ ही उस खनन सामग्री को तालाब के किनारे पुश्ता बनाने के बजाएं स्टोन क्रेशरों में बेच रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि करीब चार दिन से बाणगंगा में दिन-रात जमकर अवैध खनन किया जा रहा है। इस संबंध में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मामले की जानकारी देकर अवैध खनन पर रोक लगाए जाने की मांग की गई है, लेकिन अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन होने के चलते बाणगंगा के रास्ते में जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। इस बाबत तहसीलदार लक्सर का कहना है कि मामला संज्ञान में है। इसकी जांच की जा रही है, अगर कोई तालाब परमिशन के नाम पर अवैध खनन करता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
